उत्तराखण्ड में मौसम संबंधी आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) की ओर से मौसम संबंधी उपकरणों की गुणवत्ता, आंकड़ों की विश्वसनीयता और समयबद्ध प्रेषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून में सतही क्षेत्रीय वेधशालाओं (SFO) के प्रेक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों में स्थापित 25 सतही क्षेत्रीय वेधशालाओं के प्रेक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मौसम संबंधी आंकड़ों के सही अवलोकन, अभिलेखीकरण, ऑनलाइन प्रविष्टि और नियमित प्रेषण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में मौसम संबंधी सटीक और समयबद्ध आंकड़े आपदा पूर्व तैयारी, प्रारंभिक चेतावनी जारी करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वेधशालाओं में तैनात प्रेक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित समय पर सही आंकड़े दर्ज कर उनका समयबद्ध प्रेषण सुनिश्चित करें।

उन्होंने प्रेक्षकों से वेधशालाओं में उपलब्ध उपकरणों और सुविधाओं की स्थिति, दैनिक कार्यों में आने वाली कठिनाइयों तथा आंकड़ों को ऑनलाइन अपलोड करने में होने वाली समस्याओं की जानकारी भी ली। साथ ही निर्देश दिए कि उपकरणों में खराबी या आंकड़ों के प्रेषण में बाधा आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने मानसून के दौरान वर्षा संबंधी आंकड़ों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन आंकड़ों से विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा की स्थिति का आकलन करने, भारी वर्षा की घटनाओं की निगरानी करने और आपदा प्रबंधन से जुड़े निर्णय लेने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रेक्षकों को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार प्रेक्षण कार्य करने और आंकड़ों के संकलन एवं प्रेषण में पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में आईएमडी के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल, यूएसडीएमए के डॉ. राजेश कुमार विश्वकर्मा तथा प्रशिक्षक विपिन रावत और अनुराग उपस्थित रहे।

#Uttarakhand #DisasterManagement #USDMA #WeatherMonitoring #MeteorologicalTraining #IMD #EarlyWarningSystem #WeatherData #MonsoonPreparedness #Dehradun

Please follow and like us:
Pin Share

About The Author

By admin

You missed

Enjoy this blog? Please spread the word :)