23 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जनपदों में शुरू होगी EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच, 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) के प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 23 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जनपदों में EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच शुरू की जाएगी। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 12 नवंबर 2026 से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले इस अभियान के तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। दावे-आपत्तियों की सुनवाई 28 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक आयोजित विशेष अभियान के दौरान प्रदेश में फॉर्म-6 के 1,00,744 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह अभियान नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फॉर्म-7 आवेदन की सीमा के संबंध में भी जानकारी दी गई। दावे एवं आपत्तियों की पूरी अवधि के दौरान कोई मतदाता आक्षेपकर्ता के रूप में अधिकतम 10 फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची के सतत अद्यतन की अवधि में कोई व्यक्तिगत मतदाता प्रति माह अधिकतम पांच फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास मौजूद रहे।

राजनीतिक दलों की ओर से भारतीय जनता पार्टी के राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस के अमेंद्र बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी के सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी के श्याम बाबू पांडेय और सीपीआई (एम) के अनंत आकाश ने बैठक में भाग लिया।

#Uttarakhand #ChiefElectoralOfficer #ElectionCommission #EVM #VVPAT #VoterList #SSR2027 #ElectoralRollRevision #ElectionUpdates #Dehradun

Please follow and like us:
Pin Share

About The Author

By admin

You missed

Enjoy this blog? Please spread the word :)