देहरादून में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री धामी ने किया राष्ट्रभक्ति का आह्वान
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इन्द्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे पर कभी आंच नहीं आने दी। भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है। देश रक्षा क्षेत्र में निर्यातक के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। राज्य की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से राज्य के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो चुकी है। रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का दावा किया गया है। सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलने का दावा किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
#HarGharTiranga #TirangaYatra #IndependenceDay #Uttarakhand #Dehradun #PushkarSinghDhami #Tiranga #NationFirst #Patriotism #UttarakhandNews #DehradunNews #India #VandeMataram #JaiHind
ऋषिकेश में होगी अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘क्लोवर’ की शूटिंग, फरवरी 2027 में पहुंचेगी फिल्म यूनिट मुख्यमंत्री…
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के दिए निर्देश मुख्य…
मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान शीघ्र तैयार करने के दिए…
जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न आपदाओं के आकलन और जोखिम न्यूनीकरण में एआई की अहम भूमिका…
उत्तराखंड के शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव: SGRR मिशन की अनूठी पहल, तीन स्कूलों को…
हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने…