हरिद्वार में अमित शाह का संबोधन: ‘2017 से 2026 तक का समय उत्तराखण्ड के विकास को समर्पित’
हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में जनसमुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड के विकास, केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
अपने संबोधन की शुरुआत उत्तराखण्ड आंदोलन के जिक्र से करते हुए अमित शाह ने कहा कि राज्य की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए युवाओं को सड़कों पर उतरना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान लोगों को रामपुर तिराहा कांड जैसी दुखद घटनाओं का सामना भी करना पड़ा। बाद में केंद्र में भाजपा सरकार बनने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड के साथ झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे नए राज्यों का गठन किया, जो आज तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड का निर्माण किया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से 2026 तक का समय उत्तराखण्ड के विकास के लिए समर्पित रहा है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की कई समस्याओं को दूर करने का काम किया है, जिससे विकास की गति तेज हुई है।
अमित शाह ने नई न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंग्रेजों के समय के डेढ़ सौ साल पुराने कानूनों को बदलने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने लोगों से नई न्याय संहिता पर लगाई गई प्रदर्शनी देखने की अपील करते हुए कहा कि 2028 तक इसके सभी प्रावधान पूरी तरह लागू हो जाएंगे और भविष्य में किसी भी मामले में एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला आने में अधिकतम तीन वर्ष का समय लगेगा।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून के तहत भारत की नागरिकता प्राप्त करने वाले शरणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के लोगों को भारत की नागरिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग अपना धर्म और सम्मान बचाने के लिए भारत आए हैं और सरकार उन्हें नागरिकता देने के अपने फैसले पर अडिग है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए कई बड़े फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण, महाकाल लोक और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस में आरक्षी पद पर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 1900 युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में अब बिना पर्चा और बिना खर्चा के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लाया गया नकल विरोधी कानून महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि 2027 में हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होगा, जो अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ने वाला होगा। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमावर्ती गांवों के विकास और पलायन रोकने के लिए केंद्र सरकार इस योजना के तहत विशेष प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच उत्तराखण्ड को केंद्र से लगभग 54 हजार करोड़ रुपये मिले थे, जबकि 2014 के बाद यह राशि बढ़कर करीब एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये हो गई है। इसके साथ ही राज्य में ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, रेल और सड़क जैसी कई बड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।
उत्तराखण्ड में मौसम संबंधी आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित…
ESTIC 2026 समिट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन: दिल्ली में जुटे दुनियाभर के वैज्ञानिक…
विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने भराड़ीसैंण पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, रुद्रप्रयाग और चमोली में…
पीएम मोदी ने नमो घाट पर देखा वायुसेना का शौर्य, 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो…
विश्व पोलियो दिवस 2026: भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए सतर्कता जरूरी, जेपी…
देहरादून में STPI की नई इन्क्यूबेशन फैसिलिटी का शुभारंभ, IT स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा देहरादून।…